Bihar Board Class 10th Hindi 2014 (Second Sitting) Previous Year Question Paper

Bihar Board Class 10th Hindi 2014 Question Answer : प्रिय विद्यार्थियों, “Mindbloom Study” (#1 Online Study Portal For Bihar Board Exams) आपके लिए लाया है Bihar Board Class 10th Hindi 2014 (Second Sitting) Previous Year Question Paper ।

1. (अ) निम्नांकित गद्यांश को पढ़कर नीचे लिखे प्रश्नों के उत्तर दें :

अपने जीवन के अंतिम वर्षों में डॉ० सच्चिदानन्द सिन्हा की उत्कट अभिलाषा थी कि सिन्हा लाइब्रेरी के प्रबन्ध की उपयुक्त व्यवस्था हो जाए। ट्रस्ट पहले से मौजूद था लेकिन आवश्यकता यह थी कि सरकारी उत्तरदायित्व भी स्थिर हो जाए। ऐसा मसविदा तैयार करना कि जिसमें ट्रस्ट का अस्तित्व भी न टूटे और सरकार द्वारा संस्था की देखभाल और पोषण की भी गारंटी मिल जाए, जरा टेढ़ी खीर थी। एक दिन एक चाय-पार्टी के दौरान सिन्हा साहब मेरे (जगदीश चन्द्र माथुर) के पास चुपके से आकर बैठ गये। सन् 1949 की बात है। मैं नया-नया शिक्षा सचिव हुआ था, लेकिन सिन्हा साहब की मौजूदगी में मेरी क्या हस्ती ? इसलिए जब मेरे पास बैठे और जरा विनीत स्वर में उन्होंने सिन्हा लाइब्रेरी की दास्तान कहनी शुरू की तो मैं सकपका गया। मन में सोचने लगा कि जो सिन्हा साहब मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और गवर्नर तक आदेश के स्वर में सिन्हा लाइब्रेरी जैसी उपयोगी संस्था के बारे में बातचीत कर सकते हैं, वह मुझ जैसे कल के छोकरे को क्यों सर चढ़ा रहे हैं। उस वक्त तो नहीं, किन्तु बाद में गौर करने पर दो बातें स्पष्टे हुईं। एक तो यह कि मैं भले ही समझ रहा हूँ कि मेरी लल्लो-चप्पो हो रही है किन्तु वस्तुतः उनका विनीत स्वर उनके व्यक्तित्व के उस साधारणतया अलक्षित और आर्द्र पहलू की आवाज थी, जो पुस्तकों तथा सिन्हा लाइब्रेरी के प्रति उनकी भावुकता के उमड़ने पर ही मुखरित होता था।

(i) सिन्हा साहब लाइब्रेरी के लिए कैसा मसविदा तैयार करना चाहते थे?
(ii) माथुर साहब क्यों सकपका गये ?
(iii) सिन्हा साहब किनके साथ और किसलिए आदेशात्मक स्वर में बात कर सकते थे?
(iv) माथुर साहब जिसे लल्लो चप्पो समझते थे, वह वास्तव में क्या था ?
(v) कब और कौन नया-नया शिक्षा सचिव हुए थे ?
(vi) सिन्हा साहब की कब और क्या उत्कट अभिलाषा थी ?

(ब) निम्नांकित गद्यांश को पढ़कर नीचे लिखे प्रश्नों के उत्तर दें :

अब्दुर्रहीम खानखाना का जन्म 1553 ई० में हुआ था। इनकी मृत्यु सन् 1625 ई० में हुई। ये अरबी, फारसी और संस्कृत के विद्वान थे ही हिन्दी के विख्यात कवि थे। ये सम्राट् अकबर के दरबार में नवरत्नों में थे। उनमें हिन्दी के लिए एक अन्य प्रसिद्ध कवि गंग भी थे। रहीम कवि अकबर के प्रधान सेनापति और मंत्री थे। इन्होंने अनेक युद्धों में भाग लिया था। युद्ध में सफलता प्राप्ति के कारण अकबर ने इन्हें जागीर में बड़े-बड़े सूबे दिए थे। रहीम बड़े परोपकारी और दानी भी थे। इनके हृदय से दूसरे कवि के लिए बड़े सम्मान का भाव रहता था। गंग कवि के एक छप्पय पर रहीम ने उन्हें छत्तीस लाख रुपये दिए थे। जब तक रहीम के पास सम्पत्ति थी, तब तक वह दिल खोलकर दान देते रहे। रहीम की काव्य उक्तियाँ बड़ी मार्मिक हैं। क्योंकि वे हृदय से स्वाभाविक रूप से निःसृत हुई हैं।

(i) रहीम का जन्म और मृत्यु कब हुआ था?
(ii) रहीम किन विषयों के विद्वान तथा किसके प्रसिद्ध कवि थे ?
(iii) रहीम बड़े परोपकारी और दानी थे। कैसे ?
(iv) किनकी काव्य उक्तियाँ मार्मिक हैं और क्यों ?

2. दिए गए संकेत बिन्दुओं के आधार पर किसी एक विषय पर लगभग 250 शब्दों में निबंध लिखें :

(क) बिजली की आवश्यकता
(i) भूमिका   
(ii) बिजली ऊर्जा का महत्वपूर्ण स्रोत   
(iii) घर, कार्यालय, कारखाना, यातायात सब बिजली पर निर्भर
(iv) खपत अधिक उत्पादन कम  
(v) अधिक उत्पादन एवं सही वितरण की आवश्यकता  
(vi) उपसंहार

(ख) छात्र और अनुशासन
(i) भूमिका    
(ii) अनुशासन का महत्व   
(iii) अनुशासन के अभाव में उच्छृंखलता    
(iv) अनुशासन ही छात्र को सही दिशा दिखलाता है   
(v) उपसंहार।

(ग) मेरे आदर्श महापुरुष
(i) भूमिका   
(ii) महापुरुष का परिचय    
(iii) महापुरुषत्व का आधार     
(iv) सामान्य जन के लिए उनका संदेश    
(v) उपसंहार।

3. अपने मित्र के पास एक पत्र लिखें जिसमें विद्यालय में आयोजित की गई विज्ञान प्रदर्शनी का वर्णन हो।
अथवा, मुहल्ले में फैले डेंगू के प्रकोप से बचाने के लिए नगरपालिका के मेयर के पास समुचित उपाय करने के लिए एक आवेदन पत्र लिखें।

4. समास के भेदों का नाम उदाहरण सहित लिखें।
अथवा, कारक के भेदों का नाम चिन्हों सहित लिखें।

5. रिक्त स्थानों की पूर्ति करें :
(i) 'केजरीवाल को सफलता मिली।' वाक्य में 'सफलता' ....... संज्ञा है।
(ii) 'लाल' ........ वाचक विशेषण है।
(iii) 'पीताम्बर' ........ समास है।
(iv) 'क' का उच्चारण स्थान ........ है।
(v) जिस स्वर के उच्चारण में दो मात्रा लगे उसे ........ कहते हैं।

6. निम्नलिखित वाक्यों को शुद्ध करें :
(i) इस समय आपकी आयु चालीस वर्ष की है।
(ii) बाघ और बकरी एक घाट पर पानी पीती है।
(iii) हमारी सौभाग्यवती कन्या का विवाह होने जा रहा है।
(iv) हमारे शिक्षक प्रश्न पूछते हैं।
(v) मैं आपका दर्शन करने आया हूँ।

7. स्तम्भ 'अ' और 'स्तम्भ 'ब' का सही मिलान सामने-सामने लिखकर करें :

        स्तम्भ 'अ'                                  स्तम्भ 'ब'
(i) ढहते विश्वास                       (क) 'दिनकर'
(ii) शिक्षा और संस्कृति              (ख) गुरु नानक
(iii) मछली                              (ग) जर्मन कवि
(iv) रेनर मारिया रिल्के               (घ) महात्मा गाँधी
(v) जनतंत्र का जन्म                  (ङ) उड़िया कहानी
(vi) जो नर दुख में नहीं मानै        (च) विनोद कुमार शुक्ल

प्रश्न संख्या 8-15 तक का उत्तर लगभग 30 शब्दों में दें।

8. जाति भारतीय समाज में श्रम विभाजन का स्वाभाविक रूप क्यों नहीं कही जा सकती ?
9. खोखा किन मामलों में अपवाद था ?
10. धर्म की दृष्टि से भारत का क्या महत्व है ? 'भारत से हम क्या सीखें' पाठ के आधार पर बतायें।
11. बिरजू महाराज का अपने शागिर्दों के बारे में क्या राय है ?
12. "जो नर दुख से दुख नहीं मानै" कविता का भावार्थ लिखें।
13. छायाएँ दिशाहीन सब ओर क्यों पड़ती हैं? 'हिरोशिमा' शीर्षक कविता के आधार पर स्पष्ट करें।
14. कवि रेनर मारिया रिल्के ने अपने को जलपात्र और मदिरा क्यों कहा है?
15. "देवता मिलेंगे खेतों में खलिहानों में" पंक्ति के माध्यम से कवि किस देवता की बात करते हैं और क्यों ?

16. निम्नांकित गद्यांश के आधार पर नीचे दिए गए प्रश्नों के उत्तर दीजिए :

सफलता और चरितार्थता में अन्तर है। मनुष्य मरणास्त्रों के संचयन से, बाह्य उपकरणों के बाहुल्य से उस वस्तु को पा सकता है, जिसे उसने बड़े आडंबर के साथ सफलता नाम दे रखा है। परन्तु मनुष्य की चरितार्थता प्रेम में है, मैत्री में है, त्याग में है, अपने को सबके मंगल के लिए निःशेष भाव से देने में है। नाखूनों का बढ़ना मनुष्य की उस अंध सहजात वृत्ति का परिणाम है जो उसके जीवन में सफलता से आना चाहती है; उसको कष्ट देना उस 'स्व' निर्धारित आत्म-बंधन का फल है, जो उसे चरितार्थता की ओर ले जाती है।

(i) प्रस्तुत गद्यांश किस पाठ से संकलित है?
(ii) इस पाठ के लेखक कौन हैं ?
(iii) इस गद्यांश में लेखक के कहने का भाव क्या है?

17. निम्नांकित पद्यांश के आधार पर नीचे लिखे प्रश्नों के उत्तर दीजिए:

"कि घर को बचाना है लुटेरों से
  शहर को बचाना है नादिरों से
  देश को बचाना है देश के दुश्मनों से बचाना है-
  नदियों को नाला हो जाने से
  हवा को धुआँ हो जाने से
  खाने को जहर हो जाने से
  बचाना है - जंगल को मरुस्थल हो जाने से
  बचाना है - मनुष्य को जंगल हो जाने से।"

(i) प्रस्तुत पंक्तियाँ किस पाठ से उद्धृत हैं?
(ii) इस पाठ के रचनाकार कौन हैं?
(iii) इस पद्यांश का भाव अपने शब्दों में लिखें। (उत्तर 30 शब्द में दें)

18. मंगम्मा का चरित्र चित्रण कीजिए (उत्तर 40 शब्दों में दें)
19. मंगु के प्रति माँ और परिवार के अन्य सदस्यों के व्यवहार में जो फर्क है उसे अपने शब्दों में लिखें। (उत्तर 30 शब्दों में दें)
20. पप्पाति कौन थी और वह शहर क्यों लाई गई थी ? (उत्तर 30 शब्दों में दें)

– : समाप्त : –

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Scroll to Top